जमानियां (गाजीपुर)। कस्बे के पांडेय मोड़ स्थित ‘नेशनल मोबाइल शॉप’ में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और एक बाइक समेत करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 12:15 बजे दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की विकराल लपटों को देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर आसपास के दुकानदारों ने भी अपनी-अपनी दुकानों का सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया, ताकि आग फैलने की स्थिति में नुकसान से बचा जा सके।
दुकान के मालिक कस्बा मोहल्ला कुरैशी निवासी मोहम्मद अफरोज ने बताया कि उनकी दुकान में सभी प्रमुख कंपनियों के मोबाइल फोन बेचे जाते थे और ग्राहकों को फाइनेंस की सुविधा भी दी जाती थी। इस भीषण अगलगी में मोबाइल फोन के अलावा दुकान में रखे फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन और एक पल्सर बाइक भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। मोहम्मद अफरोज के अनुसार पांडेय मोड़ स्थित यह दुकान ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन थी और इस घटना के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन दुकानदार का कहना है कि इतनी भीषण आग कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है और इसकी जांच होनी चाहिए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है।