गाजीपुर। सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि होने की अफवाह फैलने के बाद जिले के कई पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ देखने को मिल रही है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई आधिकारिक सूचना नहीं है और जनपद में पेट्रोल, डीजल तथा घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। प्रशासन के अनुसार कुछ लोग भय के कारण जरीकेन, गैलन और ड्रम में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं तथा गैस एजेंसियों से सिलेंडर लेकर संग्रहित कर रहे हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर निजी व्यक्तियों द्वारा अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण करने की जानकारी भी मिली है।
जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित कर रहा है। वर्तमान में जिले के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और कीमत बढ़ने की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी मालिकों को निर्देश दिया है कि वे नियमों के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति करें। किसी भी व्यक्ति को थोक में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति न की जाए और घरेलू गैस केवल संबंधित उपभोक्ता को ही दी जाए। साथ ही पूर्ति निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी लगातार क्षेत्र में निगरानी करेंगे। यदि कहीं पेट्रोल-डीजल या गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण अथवा कालाबाजारी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।