गाजीपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा महिला उत्पीड़न की रोकथाम तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
यह बैठक 12 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे लोक निर्माण विभाग के राजकीय गेस्ट हाउस सभागार में आयोजित होगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपने विभाग से जुड़ी आवश्यक सूचनाओं के साथ उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी ने जनपदवासियों से अपील की है कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान की अध्यक्षता में होने वाली इस जनसुनवाई में महिलाएं अपनी समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रख सकती हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला के साथ अत्याचार, उत्पीड़न या अन्य किसी प्रकार की समस्या हो तो वे 12 मार्च को समय से लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।