जमानियां (गाजीपुर)। नौरंग सिंह महाविद्यालय, करमहरी (देवैथा) में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्त दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिलीप सिंह की अगुवाई में हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. प्रभाकर सिंह (डॉक्टर एवं समाजसेवी) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य गोपी सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर की गई।
इस अवसर पर अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और राष्ट्रगान प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। मुख्य अतिथि डॉ. प्रभाकर सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को अपने जीवन को आदर्श बनाते हुए समाज में सकारात्मक और सार्थक भूमिका निभानी चाहिए। वहीं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिलीप सिंह ने शिविर के अंतर्गत एक सप्ताह तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलीप सिंह ने किया तथा अंत में उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय के प्रवक्ता शिवपूजन, कु. लक्ष्मी, अजय कुमार, सुलेमान सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।