गाजीपुर। प्रधानमंत्री द्वारा गुवाहाटी (असम) से बटन दबाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित की गई। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र, पीजी कॉलेज गाजीपुर में किया गया। इसके साथ ही जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, पैक्स, एफपीओ और मंडियों में भी कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल ने फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार-प्रसार के लिए 16 प्रचार वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जनपद के सभी विकास खंडों में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के बारे में जागरूक करेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद गाजीपुर के 4,18,827 किसानों को कुल 83.76 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई। वहीं योजना की शुरुआत से अब तक जनपद के 4,65,150 किसानों को कुल 1762.14 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जा चुकी है। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक गाजीपुर, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी सहित लगभग 150 किसान उपस्थित रहे।