गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था, गैस वितरण प्रणाली और कालाबाजारी रोकने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी अब केवल ओटीपी सत्यापन के बाद सीधे उपभोक्ता के घर पर ही की जाएगी। बिना ओटीपी मिलान के गैस सिलेंडर का वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने कहा कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसी प्रतिनिधियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बुकिंग और आपूर्ति की जानकारी
आयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में
शहरी क्षेत्रों में नई रीफिल बुकिंग पिछली बुकिंग के 26वें दिन
ग्रामीण क्षेत्रों में 46वें दिन से शुरू हो रही है।
बुकिंग के बाद प्राप्त ओटीपी हॉकर को देने पर ही गैस की आपूर्ति की जाएगी। वर्तमान में जनपद में औसतन तीन दिनों का बैकलॉग चल रहा है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। उन्होंने बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के कंट्रोल रूम नंबर 0548-2224041 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
सूचना बोर्ड लगाना होगा अनिवार्य
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे अपनी दुकानों पर अनिवार्य रूप से सूचना बोर्ड लगाएं, जिसमें यह स्पष्ट लिखा हो कि गैस सिलेंडर केवल ओटीपी सत्यापन के बाद ही मिलेगा, साथ ही बुकिंग प्रक्रिया और डिलीवरी की समय सीमा की जानकारी भी प्रदर्शित की जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल गैस सिलेंडर प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएं। वहीं सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहने की जानकारी दी गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (भू./रा.) आयुष चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।