गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक विकास भवन सभागार, गाजीपुर में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों से खेल सुविधाओं के विकास के लिए सुझाव मांगे। इस क्रम में वेटलिफ्टिंग संघ के प्रतिनिधि ने वेटलिफ्टिंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार कार्यवाही करने के लिए क्रीड़ा अधिकारी को निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील और जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी क्रीड़ा अधिकारी को दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। इसके अलावा जिला दिव्यांगजन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि दिव्यांग बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए क्रीड़ा अधिकारी के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें। बैठक में परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, समाज कल्याण अधिकारी रामनगीना यादव, दिव्यांगजन अधिकारी पारसनाथ यादव, उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक राजेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, जिला व्यायाम शिक्षक अश्वनी राय सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।