जमानिया (गाजीपुर)। क्षेत्र के अहीमनपुर गांव में दबंगों द्वारा एक घर पर चढ़कर गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहीमनपुर निवासी रामनरायन तिवारी पुत्र रामानन्द तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 13 मार्च 2026 की शाम लगभग 6 बजे बरुईन गांव निवासी दीपक खरवार अपने साथियों अरविंद और कुछ अन्य अज्ञात युवकों के साथ उनके दरवाजे पर पहुंच गया।आरोप है कि आरोपियों ने आते ही बहसबाजी शुरू कर दी और कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। इस दौरान दबंगों ने दरवाजे पर खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और घर पर तोड़फोड़ करते हुए गाली-गलौज व मारपीट की। पीड़ित परिवार ने घटना के बाद थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।