गाजीपुर। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन द्वारा विस्तृत समीक्षा की गई। जारी जानकारी के अनुसार— 15 मार्च 2026 को उपलब्ध घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक 25,085 रहा।
14 मार्च 2026 को बेचे गए सिलेंडर: 8,371
14 मार्च 2026 को बुक किए गए सिलेंडर: 12,841
उपलब्ध स्टॉक के सापेक्ष गैस एजेंसियों की एजेंसीवार समीक्षा की गई, जिसमें पाया गया कि सभी एजेंसियां उपभोक्ताओं द्वारा की गई बुकिंग के आधार पर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस की आपूर्ति कर रही हैं।
स्कूलों में मिड-डे मील प्रभावित न हो
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रधानाध्यापक कम से कम तीन दिन पहले गैस की बुकिंग सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी स्थिति में विद्यालयों में मिड-डे मील (एमडीएम) का संचालन प्रभावित न हो। जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए आवश्यक सूचनाओं का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, जिसका अनुपालन सुनिश्चित कराया गया है। समस्त पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे निरंतर प्रवर्तन कार्रवाई करते रहें। यदि कहीं घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग या ओटीपी का दुरुपयोग पाया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एजेंसियों और वितरण की निगरानी
जिलाधिकारी ने गैस कंपनियों के विक्रय अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक प्रतिनिधि प्रतिदिन जिला पूर्ति कार्यालय में उपस्थित रहकर स्टॉक और वितरण की जानकारी तथा तुलनात्मक चार्ट प्रस्तुत करे। इसके अतिरिक्त जिला पूर्ति अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गैस एजेंसी स्वामियों और विक्रय अधिकारियों को निर्देश दिए कि एजेंसियों पर आवश्यक सूचनाओं का प्रदर्शन, संपर्क नंबर सक्रिय रखना और उपभोक्ताओं की समस्याओं का सही समाधान सुनिश्चित किया जाए।
लगातार की जा रही जांच
आपूर्ति विभाग की टीम द्वारा गैस एजेंसी गोदामों और होम डिलीवरी वाहनों की रैंडम जांच की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो सके। उपभोक्ता किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए ऑयल कंपनियों के टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा जनपद आपदा कंट्रोल रूम (0548-2224041) पर भी शिकायत या सुझाव दर्ज कराए जा सकते हैं।