जमानियां (गाजीपुर)। यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले अभईपुर की बेटी आकांक्षा सिंह और गायघाट के दीपक कुमार का शनिवार को पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सिंह ने सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने सफल अभ्यर्थियों और उनके पिता को माल्यार्पण, बुके तथा अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि शिक्षा ही क्षेत्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। ग्रामीण क्षेत्र के सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और मजबूत लक्ष्य के साथ सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा तक पहुंचना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बेटे-बेटियों की इस सफलता से गांव ही नहीं बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ा है। जब गांव का कोई युवा उच्च प्रशासनिक सेवा में पहुंचता है तो उससे क्षेत्र के विकास की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। विधायक ने यह भी कहा कि उच्च पद प्राप्त करने के बाद भी अपनी मिट्टी से जुड़ाव बनाए रखना चाहिए, क्योंकि गांव से जुड़ाव ही क्षेत्र के समग्र विकास को आगे बढ़ाता है। गांव में आते-जाते रहने से युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होता है। इस मौके पर प्रतिनिधि मन्नू सिंह, सपा नेत्री सौम्या सिंह, प्रबंधक उपेंद्र सिंह, गोवर्धन पांडेय, संसार सिंह, कैलाश सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, संतोष सिंह पिंटू, बबलू दूबे, हिमांशु सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।