जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र के ग्राम बरुइन स्थित राजकिशोर सिंह महाविद्यालय में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य डॉ. पंकज चौधरी, प्राचार्य डॉ. ए.के. पाण्डेय और प्रबंधक उपेन्द्र सिंह ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, राष्ट्रगान तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। यह योजना विविधता में एकता की भावना को मजबूत करती है तथा स्वयंसेवकों को अनुशासन, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने की प्रेरणा देती है, जिससे वे एक जागरूक नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा कर सकें।
कार्यक्रम अधिकारी राधेश्याम शुक्ला ने सात दिवसीय शिविर के दौरान किए गए विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी दी, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी ओम प्रकाश यादव ने किया। इसी क्रम में नौरंग सिंह महाविद्यालय करमहरी में भी प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह और प्रबंधक रणविजय सिंह की अगुवाई में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य संजय सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिलीप सिंह ने किया। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ राजकिशोर सिंह महाविद्यालय के के.के. राय, आलोक कुमार राय, दयाशंकर सिंह, प्रमोद यादव, संजय सिंह तथा नौरंग सिंह महाविद्यालय के शिव पूजन, कु. लक्ष्मी, कु. नेहा, डॉ. प्रभाकर सिंह, अजय यादव, सुलेमान, कु. सोनी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।