गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के विकास खंड सादात अंतर्गत बरहपुर नसरतपुर पेयजल योजना में जल अर्पण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, जल स्रोतों की स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर जल वंदना, जल पदयात्रा, स्वच्छता अभियान, जागरूकता बैठक तथा “मेरा गांव जल सुरक्षित भविष्य” विषय पर विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प भी लिया।
ग्राम प्रधान ने जानकारी दी कि इस योजना के माध्यम से 408 घरों को नल कनेक्शन के जरिए शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, ब्लॉक प्रमुख सादात, खंड विकास अधिकारी सादात, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित ग्रामवासी और विद्यालय के छात्र उपस्थित रहे। इसके अलावा टीपीआई, डीपीएमयू, कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर, एफटीके महिलाएं तथा प्रशिक्षण प्राप्त 13 तकनीकी सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।