जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र में नाबालिग छात्रों द्वारा सड़कों पर तेज रफ्तार बाइक चलाने और स्टंटबाजी का शौक हादसों का कारण बनता जा रहा है। सोमवार को भैदपुर पेट्रोल पंप के पास बाइक से स्टंट कर रहे तीन छात्र आपस में टकराकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे वे घायल हो गए। घायलों ने कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराया।प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, तीनों छात्र स्कूल से घर लौटते समय बाइक को तेज रफ्तार में दौड़ा रहे थे और चलती बाइक पर खड़े होकर स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गई, जिससे तीनों छात्र सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए।
घायलों की पहचान धनंजय कुमार (18 वर्ष) पुत्र संजय कुमार निवासी रघुनाथपुर, संदीप कुमार (19 वर्ष) निवासी सबलपुर और शिवम यादव (18 वर्ष) निवासी देवरिया के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। नागरिकों का कहना है कि कोतवाली पुलिस को नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाना चाहिए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और जागरूकता को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए बाइक या अन्य वाहन चलाने की अनुमति न दें, ताकि वे ऐसी खतरनाक स्टंटबाजी से दूर रह सकें।