जमानियां (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र स्थित जमानियां एचपी गैस एजेंसी इन दिनों अपनी बदहाल व्यवस्था और अनियमितताओं को लेकर चर्चा में है। गैस बुकिंग और डिलीवरी को लेकर मची अफरा-तफरी से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय उपभोक्ता विकास, मनोज, सुरेश और अशोक कुमार ने बताया कि एजेंसी नियमानुसार सुबह 10 बजे खुलनी चाहिए, लेकिन सोमवार को करीब 10:20 बजे तक बंद रही। इससे दूर-दराज से आए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा और उनका समय भी बर्बाद हुआ। उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि कई लोगों को गैस बुकिंग के लिए जरूरी ओटीपी नहीं मिल रहा, जबकि कुछ का केवाईसी लंबित होने के कारण गैस नहीं दी जा रही है।
वहीं, उपभोक्ता कशायन रहमानी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने 15 तारीख को गैस बुक की थी और उनके मोबाइल ऐप में ओटीपी भी दिख रहा था, लेकिन जब वे सिलेंडर लेने पहुंचे तो रिकॉर्ड में उसे पहले ही ‘डिलीवर्ड’ दिखा दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना ओटीपी साझा किए डिलीवरी कैसे पूरी दिखा दी गई। इस संबंध में कर्मचारियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और बाद में स्टॉक खत्म होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया गया।इस मामले पर एजेंसी संचालक मुनेंद्र कुमार ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को डिलीवरी का मैसेज मिला है, तो उसे सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, बिना ओटीपी के डिलीवरी दिखने के मामले पर वे स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए। इस संबंध में एसडीएम ज्योति चौरसिया ने बताया कि यदि इस प्रकार की शिकायत मिलती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।