जमानिया (गाजीपुर)। क्षेत्र के गायघाट गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा एक महिला के घर पर चढ़कर मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी सुशीला देवी पुत्री स्वर्गीय रामसिंगासन सिंह ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि बीती 13 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे गांव के ही रौशन सिंह, मंजीत सिंह और अछैबर सिंह लाठी-डंडा लेकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि आरोपितों ने आते ही गाली-गलौज करते हुए उनके और उनके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार, हमलावरों ने दरवाजे पर खड़ी गाड़ी के चारों तरफ के शीशे तोड़ दिए, जिससे काफी नुकसान हुआ। घटना से परिवार में दहशत का माहौल है।मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।