जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप प्लेटफॉर्म पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में एक किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4:45 बजे जब गाड़ी संख्या 22356 चंडीगढ़–पाटलिपुत्र एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी, तभी एक किशोर उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के समय स्टेशन से गुजर रहे जिगना गांव निवासी विकास ने तत्काल इसकी सूचना अन्य लोगों और जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही रेल पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक स्कूल डायरी बरामद हुई, जिसके आधार पर उसकी पहचान विशाल विश्वकर्मा (15 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय विष्णु विश्वकर्मा निवासी ग्राम जिगना, थाना धीना, जनपद चंदौली के रूप में हुई। वह कक्षा 10 का छात्र था और अपने परिवार में पांच भाइयों में सबसे छोटा था।हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां धनजीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी अश्वनी कुमार पटेल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।