जमानिया (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के संत रामनारायण राज किशोर शंकर महिला महाविद्यालय, बरुईन में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सप्त दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि लता श्रीवास्तव एवं कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती नीतू जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कुंदन पांडे (डॉक्टर एवं समाजसेवी) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री गोरखनाथ सिंह और श्री सुरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती नीतू जायसवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात परंपरानुसार अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंग से सराबोर कर दिया। मुख्य अतिथि डॉ. कुंदन पांडे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन में आदर्श स्थापित करने और समाज में अपनी सार्थक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दीपक कुमारी द्वारा प्रस्तुत किया गया। वहीं कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती नीतू जायसवाल ने आगामी एक सप्ताह के शिविर की रूपरेखा भी विस्तार से सभी के समक्ष रखी। इस अवसर पर महाविद्यालय के आनंद कुमार सिंह, रामप्यारे सिंह, संतोष कुमार मिश्रा, माया देवी, संकठा सिंह, विद्यासागर सिंह, राहुल श्रीवास्तव सहित अन्य प्रवक्ता एवं कर्मचारीगण तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।