जमानिया (गाजीपुर)। पवित्र रमजान माह के अवसर पर नगर के हरपुर मुहल्ला स्थित ग्लोबल पब्लिक स्कूल में भव्य रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता को मजबूत करना रहा, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया। इफ्तार में रोजेदारों के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया और देश में अमन-चैन, शांति एवं समृद्धि के लिए सामूहिक दुआ की। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश यादव ने कहा कि भारत की पहचान उसकी ‘अनेकता में एकता’ है। उन्होंने बताया कि रमजान का पवित्र महीना हमें धैर्य, त्याग और मानवता की सेवा का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी विश्वास को बढ़ाते हैं और नई पीढ़ी को एक-दूसरे के धर्म और परंपराओं का सम्मान करना सिखाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि बच्चों में सामाजिक समरसता और भाईचारे के संस्कार विकसित करना भी है। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के संभ्रांत लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और भाईचारे के माहौल में कार्यक्रम का समापन हुआ।