जमानियां (गाजीपुर)। हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का दूसरा दिन बृहस्पतिवार को उत्साह, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता के साथ सम्पन्न हुआ। दिनभर आयोजित विविध कार्यक्रमों ने स्वयंसेविकाओं में सेवा भावना, सामाजिक जागरूकता और रचनात्मकता को और अधिक प्रबल किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल योग, प्राणायाम, प्रार्थना एवं व्यायाम से हुई, जिससे स्वयंसेविकाओं में शारीरिक और मानसिक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके पश्चात परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस दौरान डॉ. विजय श्याम पांडेय ने स्वयंसेविकाओं को NSS का लक्ष्य गीत सिखाते हुए कहा कि “राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है। जब युवा सेवा को अपना लक्ष्य बना लेते हैं, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देने लगता है।” उन्होंने छात्राओं को राष्ट्रवाद, महिला सशक्तिकरण, दहेज प्रथा उन्मूलन जैसे विषयों पर अपनी अभिव्यक्ति विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत डॉ. अभिषेक तिवारी ने NSS के उद्देश्य, लोगो एवं आदर्श वाक्य “Not Me But You” की विस्तृत व्याख्या करते हुए कहा कि “NSS हमें स्वयं से ऊपर उठकर समाज के लिए जीना सिखाता है। एक सच्चा स्वयंसेवक वही है, जो दूसरों की समस्या को अपनी जिम्मेदारी समझे और समाधान के लिए आगे आए।” उन्होंने युवाओं को समाज सेवा के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान किया।

दूसरे सत्र में स्वयंसेविकाओं ने रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान अपशिष्ट सामग्री से उपयोगी वस्तुएँ बनाना, पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन एवं सजावट जैसे कार्य किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अभ्यास कराया गया। तीसरे चरण में स्वयंसेविकाओं ने जमानियां स्टेशन वार्ड नंबर-18 में भ्रमण कर साफ-सफाई अभियान चलाया तथा स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझा। साथ ही सर्वेक्षण के माध्यम से बच्चों की शिक्षा, महिलाओं की कार्यस्थिति एवं साक्षरता स्तर से संबंधित जानकारी एकत्र की गई। इस गतिविधि ने छात्राओं को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू कराया।इसके बाद आयोजित व्याख्यान सत्र में अखिलेश कुमार राधारानी ने “जीवन दर्शन और समाज” विषय पर विचार रखते हुए आधुनिक जीवनशैली में तनाव प्रबंधन के उपाय बताए और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। शिविर का सफल संचालन डॉ. अभिषेक तिवारी एवं डॉ. राकेश कुमार सिंह द्वारा तथा निर्देशन प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस अवसर पर डॉ. विजय श्याम पांडेय, डॉ. राकेश कुमार सिंह, पप्पू कुमार, कमलेश प्रसाद सहित समस्त शिक्षकगण एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे।
