जमानियाँ(गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बाजार स्थित यमदग्नि-परशुराम गंगा घाट के पास रविवार की दोपहर करीब दो बजे 23 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई तथा गंगा घाट पर काफी भीड़ इक्कठा हो गई। नगरवासियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार दोपहर में नगरवासियों ने यमदग्नि-परशुराम गंगा घाट के पास एक युवक का शव गंगा में उतराया देखा। शव मिलने की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई तथा गंगा घाट पर काफी भीड़ इक्कठा हो गया। हत्या की आशंका को देख नगरवासियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के जेब से एक पासपोर्ट फोटो व आधार कार्ड बरामद किया। जिस पर नाम वृजेश पुत्र सत्य नारायण निवासी शकरपुर, डोमनपुर, चिरइगांव वाराणसी दर्ज था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई तथा परिजनों को सूचित करने का प्रयास कर रही थी। मृतक के गला व पीठ से हल्का खून निकल रहा है। शव को देखने से प्रतीत हो रहा था कि युवक को चाकू मारकर शव को गंगा में फेक दिया गया हो। मृतक हरा शर्ट, सफेद गंजी, नीला जीन्स व पैर में सैन्डिल पहने हुआ था।