ग़ाज़ीपुर (3 दिसम्बर 22)। उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा 2012 में चलाई गई एंबुलेंस सेवा मौजूदा वक्त में लोगों को लगातार अपने सेवा के माध्यम से लाभ पहुंचा रही। इसी क्रम में शुक्रवार को सैदपुर ब्लॉक के जीयनचक गांव से आशा कार्यकर्ता के द्वारा 108 एंबुलेंस के लिए कॉल किया गया। बताया गया कि गर्भवती को प्रसव पीड़ा है जिसके लिए एंबुलेंस की जरूरत है। जिसके बाद बताए गए लोकेशन पर पायलट और ईएमटी तत्काल एंबुलेंस लेकर पहुंचे और गर्भवती को लेकर पास के स्वास्थ्य केंद्र के लिए चले लेकिन प्रसव पीड़ा बढ़ जाने के कारण एंबुलेंस को सड़क किनारे लगाकर एंबुलेंस के अंदर ही प्रसव कराया गया।
108 एंबुलेंस के ब्लॉक अखंड सिंह ने बताया कि सैदपुर ब्लॉक के जीयनचक गांव से आशा कार्यकर्ता कंचन के द्वारा शुक्रवार की सुबह एंबुलेंस के लिए कॉल किया गया। जिसके बाद बताए गए लोकेशन पर पायलट विशाल यादव और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन सुनील कुमार यादव पहुंचे। जहां पर गुड़िया बिंद पत्नी अजीत बिंद (27 साल ) को लेकर स्वास्थ्य केंद्र के लिए चले। लेकिन रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ जाने के कारण एंबुलेंस को सड़क किनारे खड़ा कर आशा कार्यकर्ता और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन के द्वारा एंबुलेंस के अंदर ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। जहां पर गर्भवती ने कन्या को जन्म दिया। उसके पश्चात जच्चा और बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में भर्ती कराया गया। जहां पर डाक्टरों ने जच्चा और बच्चा को सुरक्षित बताया।