जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र में स्टेशन बाजार स्थित कांग्रेस पार्टी के कार्यवाहक नगर अध्यक्ष के आवास पर ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी की बैठक आहुत की गई। जिसमें कांग्रेस पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय के जनपद आगमन को लेकर चर्चा की गई।
नगर अध्यक्ष गायत्री देवी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाये जा रहे भारत जोड़ों यात्रा का आगमन 20 दिसंबर को प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पहुंच रहा है। इसको लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को बताया कि स्थानीय तहसील क्षेत्र में यह पदयात्रा सांकेतिक रूप से होगी और जनपद की ओर बढ़ जाएगी। 21 दिसंबर को गाजीपुर में भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें क्षेत्र के सभी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर पदयात्रा को सफल बनाने की अपील की। ब्लाक अध्यक्ष नसीम अख्तर ने कहा कि इस प्रकार के पदयात्रा से कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिल रही है और जनवरी के प्रथम सप्ताह में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पहुंचेगी। जिसका रजिस्ट्रेशन का कार्य चल रहा है। सभी कार्यकर्ता अपना रजिस्ट्रेशन करा लें। इस अवसर पर संतोष गुप्ता‚ विजयी बिन्द‚ विजय नारायण तिवारी‚ अदालत यादव‚ माखन वर्मा‚ अजहर राइनी‚ कमला यादव‚ सन्नो बेगम‚ शशिकांत श्रीवास्तव‚ हरिओम यादव‚ डॉ जी कुमार उर्फ गुड्डू आदि मौजूद रहे।