जमानियां (गाजीपुर)। तहसील के सामने स्थित रामलीला की भूमि पर कब्जा करने के विरोध में मंगलवार को श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट के उपाध्यक्ष ने उपजिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। जिस पर उपजिलाधिकारी ने कार्य रुकवा दिया।
श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट के उपाध्यक्ष विशाल वर्मा का आरोप है कि रामलीला की भूमि पर कब्जा करने की नियत से षड्यंत्र के तहत समिति के अध्यक्ष को जेल भेजा गया और पुनः गैंगस्टर का फर्जी मुकदमे में फंसा कर भय पैदा करते हुए रामलीला कि भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। उनका आरोप है कि मामला न्यायालय सिविल जज के यहां विचाराधीन है। इसके साथ ही भूमि के संबंध में न्यायालय का आदेश है कि इस भूमि पर मेला आदि लगाए जाएगा। उनका आरोप है कि पुलिस विभाग के अधिकारियों कि मिलीभगत से रामलीला की जमीन को कब्जा किया गया जा रहा है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी भारत भार्गव ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त होते ही रामलीला की जमीन पर कराये जा रहे कार्य को तहसीलदार को मौके पर भेज कर रुकवा दिया गया है।