Skip to content

गुरुवार को रात 10:37 बजे के बाद होगा होलिका दहन, 14 मार्च को मनाई जाएगी होली

वाराणसी। होलिका दहन के साथ ही काशी में फाग महोत्सव की शुरुआत हो जाएगी। इस वर्ष होलिका दहन 13 मार्च को होगा, लेकिन भद्रा काल के कारण इसका शुभ मुहूर्त रात्रि में ही प्राप्त हो रहा है।

ज्योतिषाचार्य ऋषि द्विवेदी के अनुसार, भद्रा 13 मार्च को सुबह 10:02 बजे शुरू होकर रात 10:37 बजे तक रहेगी। इसलिए, होलिका दहन रात 10:37 बजे के बाद किया जाएगा। वहीं, पं. गौरीनाथ शुक्ला ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार, यदि भद्रा निशीथ काल (अर्धरात्रि) से पहले समाप्त हो जाती है, तो होलिका दहन भद्रा समाप्त होते ही किया जाना चाहिए। इस वर्ष 13 मार्च को भद्रा रात 10:37 बजे समाप्त होगी, इसलिए रात 12:36 बजे तक होलिका दहन करना शास्त्रोक्त रहेगा।

14 मार्च को मनेगा रंगोत्सव

होलिका दहन के अगले दिन, 14 मार्च को काशी में रंगोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन 64 योगिनियों की यात्रा दर्शन का विधान भी रहेगा।

पूर्णिमा तिथि एवं सूर्य संक्रांति

फाल्गुन पूर्णिमा तिथि 13 मार्च को सुबह 10:02 बजे शुरू होगी और 14 मार्च को दोपहर 11:11 बजे तक रहेगी। इस वर्ष 14 मार्च की रात 9:24 बजे सूर्यदेव कुंभ राशि से मीन राशि में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ होलाष्टक भी समाप्त हो जाएगा, जो होलिका दहन से आठ दिन पूर्व आरंभ हुआ था।

उत्सव की तैयारियां जोरों पर

काशी में होली के उल्लास को देखते हुए तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे और शहरभर में रंग-गुलाल की बौछार के साथ भक्तिमय माहौल देखने को मिलेगा।