जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे रविवार की रात एक झोपड़ी में अचानक आग लगने से एक गरीब परिवार का पूरा आशियाना जलकर खाक हो गया। घटना रात करीब आठ बजे की है, जब झोपड़ी में अकेले मौजूद मनोज खाना बना रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मनोज की पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थी और घर पर मनोज अकेले थे। खाना बनाते समय अचानक झोपड़ी में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जमानिया पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मनोज और उनका परिवार पूरी तरह बेघर हो गया।
बताया जा रहा है कि मनोज के पांच बच्चे हैं—तीन लड़कियां और दो लड़के। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। इस घटना से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार रामनरायण वर्मा ने बताया कि हल्का लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। क्षति का आकलन कराकर पीड़ित को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाएगा।