Skip to content

मुख्यमंत्री योगी से मिले विश्व बैंक अध्यक्ष अजय बंगा, प्रदेश की विकास योजनाओं पर हुई चर्चा

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सुदृढ़ीकरण से जुड़ी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में आपसी सहयोग को और सशक्त करने तथा भविष्य की परियोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने प्रदेश के समग्र विकास के लिए साझा प्रयास जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के मजबूत नेटवर्क के साथ-साथ विभिन्न आधारभूत ढांचागत परियोजनाएं तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने ‘एक जनपद एक उत्पाद’, स्मार्ट सिटी, अमृत योजना और हर घर जल जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं प्रदेश में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन को नई दिशा दे रही हैं।विश्व बैंक अध्यक्ष अजय बंगा ने उत्तर प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि राज्य ने बीते वर्षों में आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विश्व बैंक प्रदेश में संचालित विकास योजनाओं में हर संभव तकनीकी और वित्तीय सहयोग देता रहेगा।