गाजीपुर। रामपुर माझा थाना क्षेत्र के रद्दीपुर गांव में एक विवाहिता ने अपने कांस्टेबल पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से प्रेम संबंध है, और उसने गुपचुप तरीके से उससे शादी भी कर ली है। विरोध करने पर उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।पीड़िता की शादी वर्ष 2020 में पुलिस विभाग में तैनात कांस्टेबल विकास यादव से हुई थी। विवाह के समय लड़की के पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया, लेकिन ससुरालवालों को वह दहेज कम लगा। इसके बाद से ही विवाहिता पर अधिक दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। नकदी और चार पहिया वाहन की मांग करते हुए उसे बार-बार प्रताड़ित किया गया।
महिला के अनुसार, वह गर्भवती होने के बावजूद अत्याचार झेलती रही। बेटी के जन्म के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और मायके में इलाज के लिए पिता ने लाखों रुपये खर्च किए। ठीक होने के बाद वह ससुराल लौटी, लेकिन वहां फिर से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर किया गया।पीड़िता का आरोप है कि एक दिन जब उसने सास और ननद से पति के अफेयर की शिकायत की तो उन्होंने उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। करीब 22 दिन तक उसका इलाज चला। इसके बाद वह फिर से मायके चली गई।
महिला ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिससे आरोपी पक्ष नाराज हो गया। आरोप है कि 22 अप्रैल को कांस्टेबल पति उसके मायके पहुंचा और वहां भी उसे जान से मारने की धमकी दी। कहा – “मैं तुझे और तेरी बेटी को जान से मार दूंगा।” किसी तरह वह कमरे में छिपकर अपनी जान बचा सकी। पीड़िता ने अब पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।