Skip to content

दहेज न देने पर विवाहिता की गला दबाकर निर्मम हत्या, पति समेत छह पर मुकदमा दर्ज

जमानिया (बघरी)। थाना क्षेत्र के बघरी गांव में दहेज के लिए प्रताड़ना सहन न कर सकी एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका संजू देवी की पुत्री प्रतिमा, जो वर्ष 2024 में बघरी निवासी आलोक सम्राट के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से विवाहिता हुई थी, को ससुराल पक्ष से लगातार दहेज प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। प्रतिमा के पिता ने बताया कि शादी के समय तीन लाख रुपये नगद दहेज दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग लगातार दहेज की मांग करते थे। 30 मई 2025 की सुबह लगभग 10 बजे, पति आलोक सम्राट ने मृतका की मौत की सूचना दी। जब परिजन बघरी गांव पहुंचे, तो प्रतिमा का शव घर के अंदर चौकी पर पड़ा मिला, जिस पर गले पर गहरे निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पति आलोक सम्राट, ससुर जयप्रकाश, सास चन्दा देवी, देवर सतीश, दीपक और ननद संगीता के खिलाफ आईपीसी की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम सभी साक्ष्यों को जुटाकर मामले की गहन जांच कर रही है। गांव में इस घटना के बाद मातम छा गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और न्याय दिलाया जाएगा।