गाजीपुर| जनपद कोषागार गाजीपुर से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को सूचित किया गया है कि शासन द्वारा उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब ऑनलाइन माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) जमा करने की व्यवस्था की गई है। पेंशनर अब वेबसाइट jeevanpraman.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र कोषागार में सीधे प्रेषित कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, पेंशनर अपने स्मार्टफोन पर Aadhaar Face RD App तथा Jeevan Praman App इंस्टॉल कर इन एप्स के माध्यम से भी ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।
निर्देशानुसार, कोषागार से पेंशन आहरण प्रारंभ होने की तिथि से एक वर्ष की अवधि में प्रत्येक वर्ष जीवन प्रमाण पत्र कोषागार में जमा करना अनिवार्य है, ताकि पेंशन का निर्बाध भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
उत्तर प्रदेश कोषागार विभाग द्वारा सभी पेंशनरों को इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पेंशनभोगी अपने निकटतम जनसेवा केंद्र (CSC) से भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य पेंशनरों की सुविधा बढ़ाना और कोषागार प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी एवं डिजिटल बनाना है।