गाजीपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में सरदार/150 एक भारत आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) तथा मेरा युवा भारत (MY Bharat), गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन स्वामी सहजानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) वी. के. राय ने की। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय था— “विविधता में एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति है और उसकी सबसे बड़ी चुनौती भी”, जिसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा आयुषी सिंह (पुत्री अशोक सिंह) ने तृतीय स्थान तथा पलक सैनी (पुत्री अमित सैनी) ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्रा विजय लक्ष्मी प्रजापति (पुत्री रामजी प्रजापति) ने तथा द्वितीय स्थान आद्या रघुवंशी (पुत्री नरेन्द्र सिंह) ने प्राप्त किया। वहीं द्वितीय सांत्वना पुरस्कार साधना यादव (पुत्री रमेश सिंह यादव), स्नातकोत्तर महाविद्यालय को मिला। प्रतियोगिता का मूल्यांकन महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. कृष्णानंद चतुर्वेदी, डॉ. नरनारायण राय, डॉ. अजय कुमार सिंह एवं डॉ. कृष्णकांत दूबे द्वारा किया गया। इस दौरान NSS के जिला नोडल अधिकारी डॉ. रामनाथ एवं राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पीयूष सिंह उपस्थित रहे। यह प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 25 नवम्बर 2025 तक आयोजित होने वाली जिला स्तरीय एकता पदयात्रा गतिविधि श्रृंखला का हिस्सा है। प्रतियोगिता के प्रारंभ में नियमों एवं उत्साहवर्धन का दायित्व डॉ. कृष्णकांत दूबे ने निभाया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. राकेश पांडेय द्वारा किया गया।