कोतवाली जमानिया क्षेत्रांतर्गत एक युवती को रेस्टोरेंट फीडबैक टास्क का लालच देकर ठगी का शिकार बना लिया गया। प्राप्त तहरीर के अनुसार पीड़िता संजना कुमारी, निवासी वार्ड संख्या-01 जमानिया (वर्तमान निवास – अलीनगर, मुगलसराय, चंदौली) को एक अज्ञात नंबर से लिंक भेजा गया। लिंक खोलने पर वह टेलीग्राम चैनल से जुड़ गई, जहाँ उसे रेस्टोरेंट फीडबैक एवं छोटे ऑनलाइन टास्क पूरे करने पर भुगतान किए जाने का लालच दिया गया।
उक्त प्रलोभन में आकर पीड़िता ने 12 अक्टूबर 2025 को तीन बार तथा 13 अक्टूबर 2025 को दो बार ऑनलाइन भुगतान किया। कुल ₹1,61,000/- की राशि जमा कराने के बावजूद न तो कोई भुगतान किया गया और न ही संपर्क स्थापित हुआ। इसके उपरांत ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने कोतवाली जमानिया में शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच प्रचलित है। साथ ही आम जनता को सावधान करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक, ऑफर या ऑनलाइन जॉब प्रस्ताव पर बिना सत्यापन के क्लिक या भुगतान न करें।