गाजीपुर। शहीद स्मारक महाविद्यालय परिसर में शुक्रवार को साइबर सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद, प्रभारी निरीक्षक मुहम्मदाबाद, साइबर सेल प्रभारी तथा TSI गाजीपुर द्वारा महाविद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं को सुरक्षा एवं कानून संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें शामिल हैं—
1090 (वीमेन पावर लाइन)
181 (महिला हेल्पलाइन)
112 (आपातकालीन सेवा)
1930 (साइबर फ्रॉड शिकायत)
1076, 102, 101, 108, 1098 आदि।
इसके साथ ही पंपलेट एवं पोस्टर के माध्यम से “सशक्त नारी – समृद्ध प्रदेश” का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया। साइबर सेल अधिकारियों ने छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, तथा साइबर अपराध से जुड़े नवीनतम कानूनों के बारे में विस्तार से जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान यातायात माह 2025 (नवम्बर) के उद्देश्य भी बताए गए, जिसका लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना है। गाजीपुर पुलिस इस अभियान के तहत विभिन्न जनजागरण गतिविधियाँ संचालित कर रही है।