जमानियां। महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ एवं अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ चल रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत थाना जमानियां की मिशन शक्ति टीम ने शुक्रवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया।
उप निरीक्षक राजकुमार यादव अपनी टीम के साथ गंगा पुल कस्बा जमानियां क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान गंगा पुल की रेलिंग के पास खड़े दो युवक आने-जाने वाली महिलाओं और बच्चियों पर छींटाकशी व अश्लील टिप्पणियाँ करते पाए गए। पुलिस ने दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर थाना जमानियां ले आई, जहाँ उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
गिरफ्तार युवकों की पहचान इरशाद खान, अल्ला रखा उर्फ शीटू निवासी धानापुर, थाना धानापुर, जनपद चंदौली (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बच्चियों से अभद्रता करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।