जमानियां। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक स्तर के गृहविज्ञान विषय की मध्यावधि प्रैक्टिकल परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। इस परीक्षा का संचालन गृहविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सोनम यादव के नेतृत्व में हुआ। प्रैक्टिकल परीक्षा का उद्देश्य छात्राओं की व्यावहारिक दक्षता और विषयगत कौशल का मूल्यांकन करना था। इस दौरान पोषण, वस्त्र विज्ञान तथा पारिवारिक प्रबंधन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया गया।
परीक्षा में कुल 28 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं ने पारंपरिक एवं आधुनिक व्यंजनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जो स्वाद, पाचनयोग्यता और गुणवत्ता के आधार पर सराहनीय रहे। उपस्थित प्राध्यापकों ने छात्राओं के कार्य की प्रशंसा की।
डॉ. सोनम यादव ने कहा कि यह परीक्षा छात्राओं को वास्तविक जीवन से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने में सहायक सिद्ध होती है, जो आगे चलकर उन्हें घरेलू उद्योगों, शिक्षण संस्थानों या स्वयं रोजगार के क्षेत्र में सक्षम बनाएगी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गृहविज्ञान जैसे विषय महिलाओं के आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। परीक्षा उपरांत एक फीडबैक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें आगे सुधार हेतु उपयोगी सुझाव दिए गए। परीक्षा परिणाम शीघ्र ही घोषित किए जाएंगे। कार्यक्रम में अवकाश प्राप्त आचार्य मदन गोपाल सिन्हा, डॉ. लालचंद पाल, डॉ. सुनील चौधरी, कार्यालय अधीक्षक निलेश कुमार, अमित कुमार सिंह, डॉ. अमित कुमार, मनोज कुमार सिंह, पैंगूला प्रासर, वीरेंद्र कुमार, पप्पू कुमार सहित गृहविज्ञान विभाग की छात्राएं उपस्थित रहीं।

