जमानिया (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की स्थानीय इकाई ने सोमवार को तहसील परिसर में शांतिपूर्ण धरना देकर अपनी आठ सूत्रीय मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत लेखपालों ने अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए संघ के तहसील अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि प्रारम्भिक वेतनमान का उच्चीकरण, एसीपी विसंगतियों का समाधान, पदनाम परिवर्तन, पेंशन विसंगति दूर करने, पदोन्नति के अवसर वृद्धि, भत्तों में बढ़ोतरी, अंतर्मंडलीय स्थानांतरण व्यवस्था तथा राजस्व पुलिस चौकी की स्थापना जैसी प्रमुख मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि फील्ड में महत्वपूर्ण दायित्व निभाने वाले लेखपालों की समस्याओं का समाधान सरकार को प्राथमिकता से करना चाहिए। लेखपालों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश स्तर पर भी आंदोलन जारी है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रमेश राम, तहसील मंत्री मंतोष सिंह, विकास यादव, विजय कुमार, रविकांत भारती, शिवाकांत राय, शिव महिमा, शिव प्रकाश पाल, मुन्ना कुमार, सैयद तौकीर हसन, वकार खान, राजकुमार, नितेश यादव, शिल्पा सिंह, शालिनी राय समेत अनेक लेखपाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।