जमानिया। पुलिस अधीक्षक ईरज राजा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान जमानिया पुलिस ने रविवार को दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने इनके पास से 10.568 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाज़ार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। स्टेशन चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह अपने हमराहियों के साथ बरुईन नहर के पास नियमित चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके बैग में भारी मात्रा में गांजा मिला।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस प्रकार हुई—
हरिओम जायसवाल, निवासी चकजैनब, थाना बरेसर
शिवकुमार, निवासी मुबारकपुर गंगौली, थाना कासिमाबाद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों का आपराधिक इतिहास है। हरिओम के खिलाफ मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शिवकुमार भी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामले में नामजद रह चुका है। पुलिस ने बरामद गांजा और अपाची मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को न्यायालय भेज दिया। इस कार्रवाई में स्टेशन चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह के साथ हेड कांस्टेबल गोवर्धन यादव, कांस्टेबल बृजेश यादव और कांस्टेबल रमाशंकर शामिल रहे। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ने के लिए अभियान और तेज़ कर दिया गया है तथा आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है।