गाजीपुर| जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण का वातावरण बनाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के अंतर्गत कई क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
थाना खानपुर, भुड़कुड़ा और बहरियाबाद के ग्राम कबीरपुर में, तथा थाना सादात के रेलवे स्टेशन तिराहे पर उप निरीक्षक हरिहर प्रसाद मिश्रा द्वारा महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से संबंधित जानकारी दी गई। थाना सैदपुर, भॉवरकोल और थाना खानपुर के साइबर सेल में आने वाली महिलाओं को भी जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त थाना बरेसर में बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि थाना कोतवाली अंतर्गत बड़ा महादेवा मंदिर गोराबाजार, थाना दिलदारनगर और अन्य थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा कस्बों, बाजारों, स्कूलों/कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों के आसपास महिलाओं और बालिकाओं को अभियान के तहत जागरूक किया गया। अभियान में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की गई, जिनमें 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन सेवा), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102/108 (एंबुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), जनसुनवाई पोर्टल और साइबर सुरक्षा संबंधित 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त महिलाओं को बीएनएस और बीएनएसएस कानून, मिशन शक्ति केन्द्र, विभिन्न सरकारी महिला योजनाओं जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केन्द्र योजना आदि के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। पंफलेट और अन्य सामग्री के माध्यम से अभियान का प्रभाव और जागरूकता बढ़ाई गई।