जमानियां (गाजीपुर)। ग्राम बडेसर स्थित गंगा के दाहिने तट पर हो रही कटान की समस्या को रोकने के लिए क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सिंह की पहल पर रविवार को सिंचाई विभाग की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता सीमान्त कुमार ने स्थल का जायजा लेने के बाद चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के निर्देशानुसार कटान-रोधी परियोजना के गठन के लिए निरीक्षण किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने गंगा घाट पर अत्यधिक गहराई, कटान रोकने के लिए लगाए गए बोल्डर बाइडिंग के धंसने तथा चक्का बांध स्थित पम्प कैनाल के आसपास प्रकाश व्यवस्था की कमी जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं के समाधान हेतु प्राक्कलन तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही कटान सहित अन्य समस्याओं से राहत मिल सकेगी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता महेश कुमार, एई वैभव पाण्डेय, जेई हेमराज सिंह, जेई अमूल्य रतन यादव, जेई कविराज यादव, जेई अनिल कुमार गौरव, जेई आलोक कुमार, पृथ्वी राज सिंह, नंदू यादव, रविन्द्र राम, राधेश्याम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।