गाजीपुर|उप जिला निर्वाचन अधिकारी, गाजीपुर ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि वाराणसी खण्ड स्नातक एवं वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन की नामावली निर्वाचक पंजीकरण नियम–1980 के अनुसार तैयार कर ली गई है। नामावली की एक प्रति कार्यालय समय में निरीक्षण हेतु सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी/जिला निर्वाचन कार्यालय, गाजीपुर तथा पदाभिहित स्थलों पर उपलब्ध कराई गई है, जिसका निरीक्षण 02 दिसम्बर 2025 से 16 दिसम्बर 2025 तक किया जा सकता है।
निर्वाचक नामावली की अर्हक तिथि 01 नवम्बर 2025 निर्धारित की गई है। यदि इस अर्हक तिथि के संबंध में किसी नाम को सम्मिलित किए जाने हेतु कोई दावा या आपत्ति हो, तो संबंधित व्यक्ति स्नातक/शिक्षक निर्वाचन हेतु निर्धारित प्रारूप—फॉर्म 18, 19, 7 तथा 8—जो भी उपयुक्त हो, उसी पर पूर्ण विवरण सहित 02 दिसम्बर से 16 दिसम्बर 2025 के बीच या उससे पूर्व पदाभिहित स्थलों पर प्रस्तुत कर सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि निर्वाचन नामावली के संबंध में किसी भी त्रुटि, संशोधन या नए नाम के सम्मिलन हेतु निर्धारित तिथि के भीतर दावा/आपत्ति अवश्य दाखिल करें, जिससे आने वाले चुनावों के लिए नामावली को अधिक सटीक एवं पूर्ण बनाया जा सके।