गाजीपुर| जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए निःशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना जनपद में संचालित की जा रही है। इस योजना का लाभ उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जो जनपद के मूल निवासी हों, इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण हों तथा जिनकी वार्षिक आय ₹1,00,000 (एक लाख रुपए) से कम हो। साथ ही, अभ्यर्थी की आयु 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए, वह बेरोजगार होना चाहिए तथा किसी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहा हो।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों का चयन इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। योजना के द्वितीय चरण की संशोधित समय-सारिणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन 20 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक भरे जा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन www.obccomputertraining.upsdc.gov.in अथवा backwardwelfareup.in पर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण होने के बाद उसकी प्रिंट कॉपी निकालकर संबंधित अभिलेख—आय एवं जाति प्रमाण पत्र (जो बोर्ड ऑफ रेवेन्यू की वेबसाइट पर उपलब्ध होना आवश्यक है), हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रमाण पत्र/अंकपत्र तथा आधार कार्ड की स्वप्रमाणित छायाप्रति—दो प्रतियों में संलग्न कर कार्यालय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर में 04 दिसम्बर 2025, सायं 5 बजे तक जमा करना अनिवार्य है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन आवेदन में दर्ज समस्त प्रविष्टियों की शुद्धता का पूर्ण उत्तरदायित्व अभ्यर्थी का होगा। विस्तृत जानकारी हेतु इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय—जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर से संपर्क कर सकते हैं।