गाजीपुर। मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत स्वावलंबन कैंप तथा ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ 100 दिवसीय अभियान के तहत हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन की ओर से जिला मिशन समन्वयक नेहा राय द्वारा एम.एच. इंटर कॉलेज, गाजीपुर में बाल विवाह रोकथाम हेतु प्रतिज्ञा (ओथ) समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बाल विवाह उन्मूलन, बाल अधिकारों की सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं—मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, ई-श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री मानधन योजना, निराश्रित महिला पेंशन, स्पॉन्सरशिप योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं वन स्टॉप सेंटर सेवाओं—के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
साथ ही 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 181 महिला हेल्पलाइन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के उपयोग और आवश्यकता के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रमुख कानूनों—घरेलू हिंसा अधिनियम, बाल विवाह निषेध अधिनियम, मानव तस्करी निरोधक कानून, दहेज निषेध अधिनियम तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित प्रावधानों—की जानकारी देते हुए उन्हें सतर्क एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट लक्ष्मी मौर्य, मयंक यादव, असिस्टेंट अकाउंटेंट अजीत कुमार, एमटीएस एवं विद्यालय की अध्यापिकाएं तथा बालिकाएं उपस्थित रहीं।