गाज़ीपुर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विद्यालयों की प्रार्थना सभा में बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही, स्कूल छुट्टी के दौरान बच्चों द्वारा बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु थानों के एसएचओ को टीम गठित कर नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा कि एनएच पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने की स्थिति में तत्काल सूचना प्रेषित की जाए। उल्टी दिशा में वाहन चलाने वालों पर चालान की सख्त कार्रवाई करने और इस दौरान एसएचओ के साथ 112 की टीमों को मौजूद रहने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने के लिए आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति घायल को अस्पताल पहुंचाता है, तो पुलिस उसे अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करेगी, बल्कि इस कार्य के लिए उसे पुरस्कृत भी किया जा सकता है।
हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों को निर्देशित किया गया वाहन केवल चिन्हित स्थानों पर ही पार्क करें।
सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
निर्धारित गति सीमा का पालन करें। गलत दिशा में वाहन न चलाएँ। नशे की हालत में वाहन न चलाएँ। इन निर्देशों का अनुपालन न होने पर परिवहन विभाग व पुलिस विभाग द्वारा कड़ी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। हाईवे पर अवैध कटों को बंद करने तथा उन्हें पुनः उपयोग करते पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए। जिले के ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय लागू करने हेतु NHAI एवं लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया। शहर में ई-रिक्शा को निर्धारित रूट पर ही चलाने के निर्देश भी जारी किए गए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्रा, यातायात निरीक्षक, परिवहन विभाग, NHAI तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।