जमानियां। खंड विकास क्षेत्र के अंतर्गत बघरी साधन सहकारी समिति पर सोमवार को 240 बोरी एनपीके खाद उपलब्ध कराए जाने के बाद किसानों में राहत की लहर दौड़ गई। लंबे समय से खाद संकट का सामना कर रहे किसान सुबह से ही समिति परिसर में लाइन लगाए दिखाई दिए। वितरण शुरू होते ही किसानों के चेहरों पर खुशी झलकने लगी। सहकारी समिति के सचिव संदीप कुशवाहा ने बताया कि किसानों की फसलों की बेहतर पैदावार सुनिश्चित करने के लिए एनपीके खाद उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि खाद का वितरण सहकारी समितियों के माध्यम से सुचारू रूप से किया जा रहा है और किसान अपनी नज़दीकी बघरी साधन सहकारी समिति से खाद प्राप्त कर सकते हैं। प्रति बोरी की कीमत 1450 रुपये तय की गई है। सचिव कुशवाहा ने बताया कि एनपीके (नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटेशियम) एक संतुलित उर्वरक है, जिसे डीएपी का बेहतर विकल्प माना जाता है। इसमें मौजूद तीनों प्रमुख पोषक तत्व— फूल आने,
फल बनने, और पौधे के संपूर्ण विकास में अत्यधिक सहायक होते हैं। खेतों में संतुलित उर्वरक का प्रयोग फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
सदस्यता लेने की अपील
खाद वितरण के साथ ही किसानों को समिति से संपर्क करने और सदस्यता लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। सचिव ने किसानों से अपील की कि वे समय पर अपनी नज़दीकी सहकारी समिति से खाद प्राप्त करें, ताकि बोआई और फसल प्रबंधन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। एनपीके खाद की उपलब्धता से क्षेत्र के किसानों ने बड़ी राहत महसूस की है और कृषि कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई है।