जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर नहर सड़क पर शुक्रवार को पुलिस ने बिहार में ऊँचे दामों पर बेचने के लिए ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम क्षेत्र में देखभाल क्षेत्र, वांछित वारंटियों की तलाश एवं कस्बा जमानिया में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि हेतिमपुर नहर सड़क पर एक व्यक्ति प्लास्टिक के झोले में अवैध शराब लेकर खड़ा है और बिहार जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां रेलवे स्टेशन की ओर से पैदल आते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे हेतिमपुर नहर सड़क पुलिया के पास पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विलेटन चौधरी, निवासी केसरुवा, थाना दिलदारनगर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद प्लास्टिक के झोले से 8 पीएम ब्रांड की 22 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 175 मिली) बरामद की गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब बिहार ले जाकर ऊँचे दामों पर बेचने की फिराक में था। वह शराब रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसरन नागर ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम जांच की जा रही है।