गाजीपुर| जिला खेल कार्यालय गाजीपुर एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन डॉ. संगीता बलवंत बिन्द, माननीय सांसद राज्यसभा, द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, सांसद खेल महोत्सव के संयोजक राजन प्रजापति सहित साधना राय, लालसा भारद्वाज, कु. प्रीति गुप्ता, रासबिहारी राय, संतोष जायसवाल, मुन्ना राय, खो-खो संघ के सचिव विपिन बिहारी राय तथा एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत जिला क्रीड़ा अधिकारी अरविन्द यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सांसद ने राष्ट्रीय स्तर के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा गाजीपुर में खेलों के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। खेल महोत्सव के अंतर्गत खो-खो (बालिका वर्ग), एथलेटिक्स (बालक/बालिका), फुटबॉल (बालक/बालिका) एवं क्रिकेट (बालक/बालिका) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
खो-खो प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने भाग लिया। सीनियर बालिका वर्ग के फाइनल में सदर एवं जंगीपुर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सदर टीम ने 13–11 अंकों से विजय प्राप्त की। जूनियर वर्ग के फाइनल में सदर ने सैदपुर को 15–06 अंकों से पराजित किया। सब-जूनियर बालिका वर्ग में भी सदर टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया। जूनियर बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में सदर एवं जंगीपुर की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें सदर टीम ने 15–10 अंकों से जीत दर्ज की।