ज़मानिया| SRNSS पब्लिक स्कूल, ज़मानिया में क्रिसमस डे का आयोजन हर्षोल्लास, उल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर श्री रणविजय सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। विद्यार्थियों ने क्रिसमस कैरोल, गीत, नृत्य तथा ईसा मसीह के जन्म पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर प्रेम, भाईचारे एवं मानवता का संदेश दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा सांता क्लॉज की प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के डायरेक्टर श्री रणविजय सिंह ने कहा कि अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच से ही विद्यार्थी जीवन में सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँच सकते हैं। वहीं प्रधानाचार्य श्री नदीम अहमद खान ने अपने संबोधन में कहा कि क्रिसमस प्रेम, त्याग एवं सेवा का पर्व है, जो हमें एक-दूसरे के प्रति करुणा एवं सद्भाव की भावना विकसित करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम की एंकरिंग कक्षा 9 के छात्र आदर्श एवं कक्षा 8 की छात्रा फातिमा ने कुशलतापूर्वक की। इस अवसर पर विद्यालय के सचिव श्री मनीष तिवारी, समन्वयक श्री जे.पी. चौरसिया सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मिठाइयों के वितरण एवं आपसी शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया।