गाजीपुर| जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तृतीय शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम तहसील मुहम्मदाबाद में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा की उपस्थिति में तहसील सभागार में सम्पन्न हुआ।
तहसील मुहम्मदाबाद में कुल 126 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 342 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 32 का तत्काल निस्तारण किया गया।
अन्य तहसीलों में प्राप्त शिकायतों का विवरण इस प्रकार है—
तहसील सदर में 46 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 07 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 का निस्तारण किया गया। जमानियां तहसील में 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 का मौके पर निस्तारण हुआ। तहसील जखनियां में 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 का निस्तारण किया गया। तहसील सैदपुर में 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण हुआ। वहीं तहसील सेवराई में तहसीलदार की अध्यक्षता में 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का निस्तारण मौके पर किया गया। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और कई मामलों का तत्काल निस्तारण कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद एवं आपसी विवाद प्रायः एक ही विषय से संबंधित होते हैं, अतः दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर मामलों का समाधान सुनिश्चित करें। इसके साथ ही तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देश दिया गया कि शिकायतकर्ताओं की छोटी-छोटी समस्याओं, जिनका तत्काल निस्तारण संभव है, के लिए किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार मुहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।