जमानिया। जीवपुर गांव के खेल मैदान पर शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित 41वीं सीनियर जिलास्तरीय मेंस फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि युवा समाजसेवी एवं भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष बबलू यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं फीता काटकर किया। उद्घाटन मुकाबला रेवतीपुर और बारा टीमों के बीच खेला गया, जो शुरुआत से अंत तक बेहद रोमांचक रहा। दोनों ही टीमों ने शानदार तालमेल, तेज गति और बेहतर तकनीक का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को खूब रोमांचित किया। मध्यांतर से पूर्व दोनों टीमों को कई अच्छे मौके मिले, लेकिन मजबूत बचाव और चूकों के कारण कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी और पहला हाफ गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। मध्यांतर के बाद मुकाबले में और भी तेजी आई। मैच के 56वें मिनट में रेवतीपुर टीम के कप्तान रियाज ने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई।
इसके बाद पिछड़ रही बारा टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 73वें मिनट में कप्तान खालिद के गोल से स्कोर 1–1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के बाद मुकाबला ट्राईब्रेकर में पहुंचा, जहां रेवतीपुर टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बारा टीम को 5–4 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। मुख्य अतिथि बबलू यादव ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के खेल की सराहना करते हुए कहा कि जिस अनुशासन, फेयर प्ले और खेल भावना के साथ मुकाबला खेला गया, वह खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष लल्लन यादव, सेवराई तहसील अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान सुनील कुमार सिंह सहित राम नगीना राय, आजाद अली, धीरेंद्र यादव जज्जू, राम अवध यादव, राम निवास यादव, प्रह्लाद यादव, हरिद्वार, सुदर्शन, लक्ष्मण, बैजनाथ, मुन्ना यादव, बंशी, हरेंद्र यादव और नरपत यादव समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मैच में निर्णायक की भूमिका विश्वामित्र ने निभाई, जबकि जेपी यादव ने सशक्त एवं रोचक कमेंट्री से दर्शकों में उत्साह बनाए रखा।