गाजीपुर। थाना नोनहरा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से संबंधित एक मामले में कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में दर्ज मुकदमे में नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 2 नवम्बर 2025 को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना नोनहरा में मु०अ०सं० 335/2025 के तहत संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में उपनिरीक्षक अटल बिहारी मिश्र ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को 28 जनवरी 2026 को नोनहरा पारा गेट के पास से हिरासत में लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नितीश सिंह उर्फ प्रेम सिंह उर्फ मोगली (निवासी ग्राम बौरी, थाना नोनहरा) तथा तुषार कुशवाहा (निवासी ग्राम बौरी, थाना नोनहरा) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 18 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अटल बिहारी मिश्र एवं थाना नोनहरा पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।