जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के कसेरा पोखरा गांव के पास अवैध रूप से शराब बेचते एक व्यक्ति को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से झोले में रखी 10 शीशी देशी शराब बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात करीब आठ बजे मुख्य आरक्षी विकास कुमार और आरक्षी अभय दुबे चीता मोबाइल से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कसेरा पोखरा मोड़ पर मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गुमटी के पास झोले में शराब रखकर अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संतोष पासवान (उम्र लगभग 40 वर्ष) निवासी कसेरा पोखरा बताया। उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के झोले की तलाशी लेने पर ‘ग्लोबस शाही नींबू गोल्ड’ ब्रांड की 200-200 मिलीलीटर की कुल 10 शीशी देशी शराब बरामद हुई। शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या कागजात प्रस्तुत न कर पाने पर उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ठेके से शराब खरीदकर फुटकर में अधिक दाम पर बेचता था। पुलिस ने बरामद शराब को सील कर कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।